बस्ती। सहालग का दौर शुरु होते ही बुटिक कारोबार चटख हो गया है। ब्यूटी पार्लरों में दुल्हनिया सजाने के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। साज-सज्जा के अलग-अलग पैकेज बताए जा रहे हैं। दुल्हन से लेकर सखियां- सहेलियां और घर की महिलाएं भी शादी के दिन नए अंदाज में सजने-संवरने को आतुर हैं। दुल्हन सजाने के लिए पांच से दस हजार रुपये वाले पैकेज के साथ पार्लर ओमेन बुक की जा रही है। वहीं अन्य युवतियों, महिलाओं को सजाने और मेंहदी रचने के लिए अलग पैकेज की बुकिंग हो रही है।
ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं का आना जाना शुरू हो गया है। ब्यूटी पार्लर की महिला संचालक भी लंबे इंतजार के बाद सहालग में बुकिंग देख खुश नजर आ रही है। ब्राइडल मेकअप, फेसियल और प्री-ब्राइडल पैकेज की बुकिंग के लिए महिलाएं व युवतियां पार्लरों में भीड़ लग रही हैं। जिससे ब्यूटीशियन व्यस्त दिख रही है। दुल्हन के अलावा, सहेलियां और परिवार की महिलाएं भी मेकअप कराने के लिए बुकिंग करा रही हैं। दुल्हा और बरातियों के लिए मेंस पार्लर में भी फेसियल, हेयर स्टाइल और ब्लीचिंग के लिए भीड़ देखी जा रही है।
पार्लर संचालकों ने बताया कि 15 अप्रैल के बाद से शुरू होने शादी ब्याह का शुभ मुहूर्त शुरू हो रहा है। 20 मार्च से लगन तेज होने के कारण रौनक और बढ़ जाएगी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में घर पर आकर दुल्हन सजाने का चलन तेजी से बढ़ा हैं। दुल्हन के साथ घर की युवतियां, महिलाएं और सखिया- सहेली अपनी पसंद के मेकअप के लिए पार्लर आर्टिस्ट की एडवांस में बुकिंग कर रही है। कई पार्लरों में एक ही दिन में दो से तीन शादियों की बुकिंग हो रही है। इसके लिए अतिरिक्त स्टॉफ और मेकअप आर्टिस्ट भी बुलाए जा रहे हैं।
दुल्हन को सजाने के अलावा सहेलियां और परिवार की महिलाएं भी पीछे नहीं है। दुल्हन से ज्यादा सहेलियां सजने के लिए बुकिंग करा रहीं हैं। गांधीनगर की ब्यूटी पार्लर संचालक महिमा ने बताया कि सहालग के एक माह पहले ही बुकिंग शुरु हो जाती है। इस बार 40-50 बुकिंग की जा चुकी है। शहरी क्षेत्र के अलावा गांव की भी बुकिंग मिली हैं।
दुल्हन के लिए ब्राइडल मेकअप सात से 25 हजार रुपये तक हो रही है। पार्टी मेकअप 1500 से 7000 रुपये में की जा रही है। 100 से ज्यादा बुकिंग हो चुकी है। साइड मेकअप 1500 से 2500 रुपये तो वहीं फेसियल वाली बुकिंग 500 से पांच हजार रुपये तक में हो रही है। ठंड के मौसम में बुकिंग और बढ़ जाती है।
फ्रीलांसिंग का दिख रहा दबदबा
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुटिक सेंटर पर आकर सजने का चलन अब कम हो रहा है। घर-घर दुल्हन और महिलाओं को सजाने का सिलसिला बढ़ा है। ब्यूटीशियन कोर्स करने के बाद युवतियां घर-घर जाकर मेकअप कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी मेकअप आर्टिस्ट को घर पर ज्यादा बुलाया जा रहा है। क्योंकि मेकअप के बाद आवागमन के दौरान इसके बिगड़ने की भी आशंका रहती है। आर्टिस्ट को घर पर बुलाने से कमरे से लेकर स्टेज तक उनकी निगरानी दुल्हन का मेकअप बरकरार रहता है। शहरी क्षेत्रों में ब्यूटीशियन कोर्स क्रेज बढ़ता जा रहा है।
सजने संवरने में युवा भी पीछे नहीं
सहालग में जहां महिलाओं ने ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग कराई है वहीं, दूसरी तरफ युवा वर्ग सजने संवरने में पीछे नहीं है। मेकअप आर्टिस्ट सोनू शलमानी ने बताया कि इस समय दुल्हों और उनके दोस्तों के लिए करीब 10 बुकिंग हो चुकी है। पार्टी वेयर के लिए 1500 से 2500 रुपये और ब्राइडल मेकअप के लिए 2500 से 3000 रुपये तक का खर्च आ रहा है। गर्मी में चिपचिपापन और पसीना ज्यादा रहता है। इसलिए बुकिंग कम होती है, ठंड में इसमें तेजी आ जाती है।