करूवां बाबा चौराहे पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर सजी झाकी।
अत्यंत दुर्लभ मुहूर्त में बृहस्पतिवार आधी रात को सोलह कलाओं से परिपूर्ण बांके-बिहारी श्रीठाकुर जी ने जन्म लिया। धरती से लेकर अंबर और शहर से लेकर गांव तक कन्हैया के जन्म की खुशियां छाई रहीं। मंदिरों और भव्य पंडालों में कन्हैया जी की विहंगम झांकी सजाई गई थी,जहां सोहर , भजन कीर्तन गाए जाने लगे। पुष्पवर्षा के बीच ठाकुर जी की दिव्य आरती उतारी गई। मनमोहन को रिझाने के लिए सजाई गई झांकियों की छटा श्रद्धालुओं को ब्रज की याद दिला रही थी। अंत में महाप्रसाद का वितरण हुआ। भजन-कीर्तन के स्वर के बीच समूचे वायुमंडल में खुशियां छा गईं। तीन दिन तक चलने वाले इस पर्व पर शनिवार को भव्य जुलूस निकाला जाएगा।
जिला कारागार के मंदिर पर भव्य झांकी सजाई गई। जहां श्रीकृष्ण भजन गूंजते रहे। जेलर बीके मिश्र के अनुसार बंदियों ने भी भजन-कीर्तन का आयोजन किया। उधर पुलिस लाइंस में जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। एसपी,एएसपी के अलावा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कलाकारों और जवानों ने भजनों से ऐसा शमां बांधा कि सभी प्रफुल्लित हो उठे। इसके अलावा सभी थानों और शहर के अन्य मोहल्लों में जन्माष्टमी मनाई गई।
हमारे हर्रैया, भानपुर,रुधौली प्रतिनिधियों के अलावा बभनान, परशुरामपुर, विक्रमजोत, छावनी, दुबौलिया, पैकोलिया, टिनिच, सल्टौआ, सोनहा, मानिकचंद, मुंडेरवा, ओड़वारा, साऊंघाट, महादेवा, लालगंज, बहादुरपुर, कुदरहा, गायघाट, कलवारी, नगर बाजार, कप्तानगंज, महराजगंज संवाददाताओं ने भी क्षेत्र में धूमधाम से जन्माष्टमी मनाए जाने की खबर दी है।