दुबौलिया। चिलमा बाजार में शनिवार सुबह किराये के मकान में 24 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिलमा बाजार निवासी बेंचूलाल पटवा का बेटा शिवम पटवा शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने पैतृक घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित किराये के मकान में सोने चला गया था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे उसके पिता जगाने पहुंचे। कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पीछे की खिड़की से झांककर देखा। अंदर शिवम का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव नीचे उतरवाया।
शिवम शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में जयमाल सजाने व डेकोरेशन का काम करता था। शुक्रवार को भी वह एक गांव में कार्यक्रम में काम करने के बाद घर लौटा था। उसके पिता शृंगार प्रसाधन की दुकान चलाते हैं। पांच भाई-बहनों में शिवम तीसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। संवादय