फंदे से लटका शव मिला, दहेज हत्या का केस
नगर बाजार (बस्ती)। जिले के नगर थाना अंतर्गत कोठवा भरतपुर गांव में नवविवाहिता का शव ससुराल में छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। मौके पर पहुंचे विवाहिता के मायके के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता की तहरीर पर तीन आरोपियों पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मुरलीजोत मोहल्ले की रहने वाली नासरीन (19) की शादी नगर थाना क्षेत्र के कोठवा भरतपुर निवासी फरियाद अली के साथ करीब चार माह पूर्व हुई थी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शुक्रवार की शाम नासरीन से मिलने उनके भाई ससुराल आए थे। थोड़ी देर रहकर वह चले गए थे। नासरीन की ससुराल के लोगों के अनुसार, शनिवार की देर रात करीब दो बजे घर में छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे शव लटकता मिला। नासरीन के जिंदा होने की उम्मीद में शव आनन-फानन में नीचे उतार लिया। तब तक मौत हो चुकी थी।
नगर पुलिस शनिवार की भोर में घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के पहुंचने के पहले शव उतारा जा चुका था। फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। सीओ कलवारी विनय चौहान भी मौके पर पहुंचे और पूछताछ कर छानबीन की। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने मृतका के पिता इज्जत अली निवासी मुरलीजोत थाना कोतवाली का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया गया। आरोप लगाया कि छत के कुंडे में दुपट्टा बांधकर फांसी लगाकर उसे जान से मार डाला गया। पुलिस ने आरोपी पति फरियाद अली, ससुर वाहिद अली और सास पर दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।