ननिहाल आए मासूम की गड्ढे में डूबकर मौत
बस्ती। जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के कन्थुई गांव में शनिवार की सुबह मामा के घर के सामने खेल रहा तीन वर्षीय बच्चा गड्ढे के पानी में डूब गया। जानकारी होने पर आनन-फानन में परिजन पीएचसी सल्टौआ ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचते ही मासूम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के जगतापुर गांव निवासी मो. जाकिर का तीन वर्षीय पुत्र शारुफ अपनी मां के साथ शनिवार की सुबह सोनहा थाना क्षेत्र के कन्थुई गांव स्थित अपने ननिहाल में मो. झिनकान के घर आया था। सुबह करीब दस बजे वह घर के बाहर खेल रहा था। बताया जा रहा है कि घर के सामने पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। काफी देर तक जब शारुफ के नहीं देखने पर परिजन आसपास उसकी तलाश करने लगे।
उसी बीच किसी की नजर घर के पूरब तरफ स्थित पानी से भरे गड्ढे में मासूम पर पड़ी। आनन-फानन में परिजनों ने उसे गड्ढे से बाहर निकाला और पीएचसी सल्टौआ ले गए। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल भेज दिया। मारुफ की जान नहीं बच सकी। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।