बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी नवंबर महीने में ही जारी कर दी गई है। 18 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली यह परीक्षा 12 मार्च को समाप्त होगी। विद्यार्थियों को अब इससे पहले होने वाली प्रायोगिक परीक्षाओं के तिथि घोषित होने का इंतजार है। उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी- 2026 तक प्रायोगिक परीक्षाएं पूर्ण करा ली जाएंगी। इसीलिए अधिकांश विद्यालयों में इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
नवंबर के आखिरी सप्ताह में बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद माध्यमिक विद्यालयों में हलचल बढ़ी हुई है। इस पर आपत्तियां प्राप्त करने के बाद निस्तारण रिपोर्ट भी परिषद को भेज दी गई है। संभावना है कि अगले एक- दो दिन में परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। इस बीच इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों में प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर हलचल बढ़ी हुई है। इसके लिए परिषद से अभी समय सारिणी नहीं जारी की गई है। विभागीय जानकारों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों की अंतिम रूप से सूची जारी होने के बाद परिषद से प्रायोगिक परीक्षाओं की भी तिथि घोषित हो जाएगी। उम्मीद है कि जनवरी माह के आखिरी तक इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भूगोल आदि विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं समाप्त करा दी जाएंगी। इसके लिए विद्यालयों में तैयारियां भी शुरू करा दी गई है। विद्यार्थी लैब में अभ्यास के साथ प्रैक्टिकल फाइल तैयार करने में जुटे हुए हैं। संबंधित शिक्षकों से इसकी जांच भी कराई जा रही है। ताकि बाहर से आने वाले परीक्षक को सबकुछ तैयार मिले।
इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां अभी घोषित नहीं हुई है। इसी माह इस परीक्षा का भी समय सारिणी जारी होने की संभावना है। तिथि घोषित होने के बाद विद्यालयों में इसकी तैयारी और जोर शोर से होगी।
संजय सिंह, डीआईओएस।