संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खून का कोई विकल्प अब तक नहीं बन सका है। इसकी उपलब्धता तभी सुनिश्चित होगी जब रक्तदान किया जाए, मगर जिला अस्पताल का ब्लड बैंंक खून की कमी से जूझ रहा है। इसके पीछे अधिकारी रक्तदान न होना कारण बता रहे हैं। वे कहते हैं कि जब रक्त मिल नहीं रहा तो दें कहां से।
जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक के भंडारण में मात्र 16 यूनिट ब्लड उपलब्ध है। वह भी ए, बी व ओ पॉजिटिव ग्रुप का। बैंक में रक्त होने के कारण जरूरत पर उसे संबंधित ग्रुप के व्यक्ति की तलाश करनी पड़ रही है।
रविवार को ब्लड बैंक में मात्र 16 यूनिट रक्त था। इसमें ए पॉजिटिव के 4, बी पॉजिटिव के 5 व ओ पॉजिटिव के 7 यूनिट रक्त उपलब्ध रहा है। इसका कारण फरवरी में मात्र एक शिविर आयोजित हुआ। उसमें भी मात्र पांच यूनिट रक्त मिल सका है। ऐसे में गंभीर मरीजों को रक्त की जरूरत पर जिला चिकित्सालय का ब्लड बैंक हाथ खड़े कर दे रहा है।
रोटरी क्लब बस्ती ग्रेटर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. वीके वर्मा ने कहा कि क्लब की ओर से मार्च के अंतिम सप्ताह में रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना है। वैसे समय-समय पर क्लब के लोग ऐच्छिक रक्तदान भी करते हैं। यदि ब्लड बैंक में रक्त की कमी है तो इसके लिए जागरूकता फैलाकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
-
रोटरी क्लब मिडटाउन के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि ब्लड बैंक में रक्त की कमी है। यह संज्ञान में नहीं था। क्लब की ओर से शीघ्र ही रक्तदान कराकर बैंक के भंडारण को रक्त उपलब्ध करा दिया जाएगा।
-
बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि क्लब की ओर से ऐच्छिक रक्तदान शिविर को लेकर काम शुरू किया गया है। ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता के लिए प्रयास किया जाएगा।
-
संस्कार भारती के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पीएल मिश्रा ने कहा कि लोगों को संगठन के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। चूंकि खून का कोई विकल्प नहीं है। ऐसे में लोगों से अपील की जाएगी कि वे अधिक से अधिक रक्तदान करें।
छिटपुट को छोड़ लंबे समय से कोई रक्तदान शिविर यहां नहीं हुआ है। इस नाते खून की कमी आई है। इस समय बैंक में केवल 16 यूनिट रक्त है। उसमें भी विशेष ग्रुप के रक्त की उपलब्धता यहां नहीं है।
-डॉ. दीपक, नोडल अधिकारी, ब्लड बैंक
सरकार की मंशा है कि रक्तदान कर ब्लड बैंक को पूरा कर दिया जाए। ताकि जरूरत पड़ने पर बिना किसी से खून लिए ही जरूरतमंद को उपलब्ध कराया जा सके। सरकार की मंशा के अनुरूप प्रयास शुरू हुआ है। स्वयंसेवी संगठनों से संपर्क किया जा रहा है। बैंक के भंडारण में खून की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए रक्तदान शिविर आयोजित होगा।
-डॉ. आलोक कुमार वर्मा, एसआईसी