स्व. रामनाथ पाल दिव्यांग शिक्षण संस्थान का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर, बस्ती। गांव के गरीब नेत्रहीन बच्चों को निशुल्क शिक्षा मिले और उन्हें प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार की ओर बढ़ाया जाए। तो इससे बड़ा नेक कार्य और कुछ नहीं हो सकता। यह बातें रविवार को डीएम अंद्रा वामसी ने गौर के बेलाहिया चौराहे के निकट केसरई गांव में स्व रामनाथ पाल दिव्यांग शिक्षण संस्थान का शुभारंभ करते हुए कही।
डीएम ने कहा कि इस संस्थान के खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के गरीब नेत्रहीन बच्चों को शिक्षा की मुख्य कड़ी से जोड़ने का अवसर मिलेगा और उन्हें इसी संस्थान के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मोमबत्ती, अगरबत्ती, दोना, पत्तल आदि सामानों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष रवि कुमार पाल ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य नेत्रहीन बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ बेसिक ज्ञान, कंप्यूटर प्रशिक्षण के अलावा सामाजिक कार्यों में सहभागिता बनाए जाने आदि की जानकारी देने के साथ उन्हें स्वरोजगार की ओर अग्रसर करना है। बताया कि संस्थान में मौजूदा समय में कुल 15 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जिन्हें नेत्रहीन शिक्षक मोनू प्रजापति व निर्मल यादव प्रशिक्षित करेंगे। इस मौके पर एसडीएम हर्रैया विनोद कुमार पांडेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्रीश पांडेय, नायब तहसीलदार कमलेंद्र सिंह, एडीओ समाज कल्याण प्रशांत खरे, ग्राम प्रधान केसरई आदि मौजूद रहे।