ब्लैक फंगस : जिला अस्पताल में नेत्ररोग, ईएनटी ओपीडी खुलेगी
बस्ती। ब्लैक फंगस के मद्देनजर डीएम ने जिला अस्पताल में नेत्र और नाक, कान, गला रोग की ओपीडी को तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि सभी सीएचसी, पीएचसी और स्वास्थ्य उप केंद्र के उपकरणों को चालू हालत में रखें। चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि एमबीबीएम चिकित्सक उपलब्ध न हों अथवा कही अन्य ड्यूटी पर हों तो आयुष के चिकित्सकों को तैनात किया जाए। ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा दी जा सके। जिलाधिकारी ने ये निर्देश मंगलवार को दिए। उन्होंने कहा कि एकीकृत कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर में चिकित्सकों की ड्यूटी आवश्यकतानुसार ही लगाई जाए। इन्हें पीएचसी एवं सीएचसी पर क्रियाशील रखने के लिए तैयार किया जाए। केंद्रों पर एंटीजन टेस्टिंग की सुविधा तथा लोगों को आवश्यक दवाइयां भी अवश्य उपलब्ध कराई जाएं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी बंद करने के आदेश नहीं दिए गए हैं। अत: इन्हें कोविड प्रोटोकाल के साथ चलाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को स्वास्थ्य सुविधाए प्राप्त हो सके और कोविड के संक्रमण को भी रोका जा सके। डीएम ने कहा कि ब्लैक फंगस के संक्रमण के दृष्टिगत जिला अस्पतालों में सुबह दस से 12 बजे तक नेत्र रोग तथा ईएनटी की ओपीडी को कोविड प्रोटोकाल के साथ प्रारंभ किया जाए, ताकि इन रोगों की शीघ्र पहचान करते हुए इलाज प्रारंभ करवाया जा सके।
जिला अस्पताल में पूर्व में दिए गए आदेशों के अनुरूप कोविड केयर सेंटर को पोस्ट कोविड सेंटर के रूप में संचालित करें। साथ ही कोविड के चिकित्सालयों में स्टेप डाउन वार्ड संचालित करें। उन्होंने कहा कि जहां कोविड से निगेटिव होने के बाद अस्वस्थ मरीजों को आवश्यकता के अनुसार भर्ती रखते हुए उनका इलाज किया जाए तथा पूर्ण स्वस्थ्य होने के बाद ही डिस्चार्ज किया जाए।