उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ बस्ती जिले के पुलिस कर्मियों ने अपनी आवाज बुलंद की है। सोमवार को तमाम पुलिसकर्मियों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर पुलिस एक्ट और सरकार के कुछ प्रावधानों का विरोध किया। वेतन विसंगति दूर करने सहित पुलिस एक्ट में सुधार की मांग की।
पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर जिले में कई स्थानों पर पुलिस कर्मियों ने बांह पर काली पट्टी बांधी और चौराहों पर ड्यूटी भी की। मुंडेरवा में कुछ सिपाहियों, होमगार्ड के जवानों ने सांकेतिक प्रदर्शन भी किया।
पीआरडी के जवान भी इसमें शामिल नजर आए।
विरोध करने वाले पुलिस कर्मियों की मांग है कि 1861 में अंग्रेजों द्वारा बनाए गए नियम में संशोधन किया जाए। उनका शोषण किया जा रहा है, जिसे बंद किया जाए। 24 के बजाय केवल आठ घंटे की ड्यूटी ली जाए।
पीआरडी व होमगार्ड के जवानों, चौकीदारों को नियमित कर उनके साथ न्याय किया जाए। पुलिस अराजपत्रित कर्मचारी/अधिकारी लिपिक संवर्ग के वेतन विसंगति को दूर करने, स्थानांतरण नीति को बदलने, गृह जनपद में स्थानांतरण आदि की मांग को लेकर पुलिस कांस्टेबल, होमगार्ड, पीआरडी जवान और चौकीदार आंदोलित हैं।
पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सिपाही विजय कुमार यादव ने बताया कि दूसरे की रक्षा करने वाले पुलिस कर्मियों का शोषण सबसे ज्यादा हो रहा है। अब पुलिस कर्मियों को न्याय मिलना चाहिए। राज्य सरकार अपनी नीतियों में बदलाव कर पुलिस वालों को सुविधाएं प्रदान करे। बताया कि आंदोलन अनिश्चितकालीन है।