एस डी एम कार्यालय के सामने बरामदे में धरना दे रहे भाकियू कार्यकर्ताओं से वार्ता करते डी सी ओ व
हर्रैया। भेलमापुर गांव में गन्ना क्रय केंद्र की मांग को लेकर पिछले 27 दिनों से तहसील परिसर में धरना दे रहे भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर दोपहर बाद जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ घंटों वार्ता की। वार्ता में किसानों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन मिलने के बाद धरनारत किसान वापस धरना स्थल पर लौट गए। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग बुधवार तक पूरी नहीं हुई तो तहसील गेट पर फिर से धरना दिया जाएगा। भाकियू नेता सत्य प्रकाश दूबे ने बताया कि बुधवार तक मांग पूरी करने के आश्वासन पर किसान एसडीएम कार्यालय से लौट आए हैं, लेकिन अगर लिखित आश्वासन नहीं मिला तो आंदोलन जारी रहेगा।
भेलमापुर गांव में दो वर्ष पहले गन्ना क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव पारित हुआ था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह केंद्र पड़ोसी गांव में स्थापित कर दिया गया। इसके विरोध में भाकियू की अगुवाई में किसान पहले भी तहसील में प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्तमान सत्र शुरू होने से पहले कोई पहल न देख किसानों ने पिछले महीने 19 तारीख से धरना शुरू किया।