भानपुर। किसानों की समस्याओं के समाधान कराने के लिए भाकियू लोक शक्ति गुट के किसानों ने मंगलवार को तहसील अध्यक्ष उदयराज वरुण के नेतृत्व में एसडीएम को प्रार्थना दिया। पत्र के हवाले से किसानों ने खरीफ की बुवाई के लिए पेट्रोल पंपों पर किसानों को सुगमता से डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की अपील की। साथ ही गांवों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने और निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली दिलाने की बात कही। किसानों ने पत्र के हवाले से रामनगर ब्लाॅक के ग्राम पंचायत नौवागांव में लोनियाडीह पर लगे सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर एक व्यक्ति की ओर से मिट्टी गिराकर अवरुद्ध किए गए रास्ते को तुरंत खुलवाने की भी गुजारिश की। इस मौके पर उमेश तिवारी, अंबिका चौहान, मुन्नीलाल, रामचंदर, सफायत अली आदि किसान मौजूद रहे।