बस्ती क्लस्टर की लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की कोर कमेटी की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद्र बैरवा ने कहा कि आगामी 40 दिन में लोकसभा चुनाव कराना है। इस बार यूपी से 80 में से 80 सीटों के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं। बिजली, सड़क, पानी और विकास की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने का काम भाजपा ने किया। मोदी और योगी का नाम देश में ही नहीं, बल्कि अन्य देशों में भी लिया जाता है।
राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सोमवार को सर्किट हाउस में बस्ती कलस्टर के तहत बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर क्षेत्र के लिए लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की कोर कमेटी की बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
क्लस्टर प्रभारी सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि 40 दिन में चुनाव संपन्न होने हैं। विधानसभा और लोकसभा की बैठक हो चुकी है। हर विभाग के साथ बूथ स्तर पर समीक्षा करनी है। चुनाव के समय पांच प्रतिशत तक वोट डायवर्ट हो जाता है।
सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि भारत की जीडीपी टॉप 5 में है और तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत में स्वास्थ्य सुरक्षा गारंटी, तीन तलाक, धारा 370 खत्म हो चुका है। भगवान श्रीराम का जन्मभूमि पर मंदिर भी बन चुका है। भगवान नाम का मंदिर बन जाने पर भारत ही नहीं, बल्कि 101 देशों ने खुशी जाहिर की। इस बार लोकसभा चुनाव विकसित भारत के लिए लड़ेंगे।
बैठक का संचालन बस्ती के भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने किया। इस मौके पर सिद्धार्थनगर के सांसद जगदंबिका पाल, संतकबीर नगर के सांसद प्रवीन निषाद, विधायक अजय सिंह, श्रीराम चौहान, जय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी आदि मौजूद रहे।