बस्ती। भाजपा के गांव चलो अभियान के तहत शनिवार को शहर के रौतापार वार्ड में चौपाल लगाई गई। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व असम राज्य के प्रभारी हरीश द्विवेदी ने आमजन से संवाद किया।
उन्होंने मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि सेवा, सुरक्षा और सुशासन के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार मिलकर काम कर रही है। विपक्ष को यह रास नहीं आ रहा है। डबल इंजन की सरकार अपने लक्ष्य पर अडिग है।
कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण आदि क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था भाजपा सरकार ने की है। कमजोर वर्ग को बिना भेदभाव के आवास मुहैया कराया जा रहा है।
सभासद मंजू श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सरकार का ध्येय हैं कि मूलभूत सुविधाओं से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, भाजपा नेता जगदीश शुक्ल, अरविंद पाल, अमृत कुमार वर्मा, राजकुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।