- फार्म जमा करने से इन्कार कर रहे नगर पालिका के कर्मचारी - एसडीएम कार्यालय से नहीं लौटाई जा रही आवेदन की मूल प्रति
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर पालिका में दो महीने से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। कानूनी पेंच के चलते मामला उलझ गया है। पचास से अधिक आवदेन जहां लंबित पड़े हैं, वहीं नए आवेदन जमा ही नहीं किए जा रहे है। फरियादी नगर पालिका से लेकर तहसील तक चक्कर काट रहे हैं। उन्हें संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया जा रहा है।
शहरवासियों को जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका में आवेदन करना होता है। इसके तीन दिन के बाद प्रमाण पत्र निर्गत हो जाना चाहिए। मगर दो महीने से यह प्रकि्रया ठप हो गई है। 10 अक्तूबर 2023 को नए शासनादेश के अनुसार जन्म और मृत्यु के 21 दिन बीतने के बाद विलंब शुल्क जमा करने के साथ ही एसडीएम ने अनुमति लेनी पड़ती है। मगर आवेदन की मूल फाइल एसडीएम कार्यालय में जमा करना अनिवार्य हो गया है। इस वजह से एसडीएम कार्यालय से अनुमति के बाद आवेदन की मूल फाइल नहीं लौटाई जा रही है। नगर पालिका का तर्क है कि बिना मूल फाइल के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जा सकता है। इस वजह से मामला लटका हुआ है। दो महीने के भीतर 50 से अधिक आवेदनों के सापेक्ष एक भी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हो सकें।
नहीं लिया गया मेरा आवेदन
पिकौरा शिवगुलाम निवासी अरुण कुमार ने बताया उनकी पुत्री अभिश्री का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए फार्म भरा गया। इस पर क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सभासद का रिपोर्ट लगवाया गया। विलंब शुल्क के रूप में 10 रुपये का चालान भी जमा किया गया। बावजूद इसके नगर पालिका ने जमा नहीं किया गया। बताया गया एसडीएम के यहां से आवेदन की मूल प्रति नहीं लौटाई जा रही है इसलिए जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाएगा।
-
पिता का मृत्यु प्रमाण न बनने से हो रही परेशानी
पुरानी बस्ती के मनोहर ने बताया कि उनके पिता की एक माह पहले हो गई थी। मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्होंने नगर पालिका में आवेदन किया। मगर यह निर्गत नहीं हो सका। नगर पालिका के कर्मचारी उन्हें हर बार तहसील भेज देते हैं वहां कोई कुछ बताने वाला ही नहीं है।
डीएम से हुई शिकायत
कुछ आवेदकों ने इस प्रकरण की शिकायत डीएम से की है। श्यामा देवी, रिंकू तिवारी आदि ने कहा कि नगर पालिका से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र न बनाए जाने की शिकायत डीएम से की गई है। डीएम ने मामले में जॉच का आश्वासन दिया है।
-
प्रकरण संज्ञान में आया है। इस मसले पर ईओ से वार्ता हो चुकी हैं। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए दो प्रतियों में आवेदन कराने पर सहमति बनी है। ताकि आदेश के बाद एक प्रति उनके कार्यालय में और दूसरी आदेश के साथ नगर पालिका को प्रेषित कर दी जाए। पुराने आवेदनोंं की प्रति भी नगर पालिका में भेजी जा रही है।
गुलाब चंद्र, एसडीएम सदर।