महराजगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज चौकी अंतर्गत ककुआरावत गांव के सामने शनिवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
महराजगंज निवासी विजय अग्रहरी 40 वर्ष शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाइक से कप्तानगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेहताब 19 वर्ष, मोहम्मद शहनवाज 15 वर्ष और मोहम्मद सुहैल 15 वर्ष स्कूटी से कप्तानगंज से महराजगंज होते हुए ओझागंज जा रहे थे। ककुआरावत गांव के सामने बस्ती-लखनऊ लेन पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार विजय अग्रहरी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि स्कूटी चालक मेहताब के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वहीं मोहम्मद शहनवाज और मोहम्मद सुहैल को मामूली चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विजय अग्रहरी और मेहताब की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार सीएचसी पर किया गया। महराजगंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। मामले की जांच की जा रही है।