महादेवा/बस्ती। महुली रोड पर लालगंज थानाक्षेत्र के पाकरडाड़ चौराहे के पास बुधवार रात बाइक फिसलकर गिर गई। उस पर सवार दो युवक घायल हो गए। उनमें से लालगंज थानाक्षेत्र के कैथवलिया निवासी दिनेश कुमार (21) पुत्र लहुरी की मेडिकल कॉलेज लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जबकि उसी गांव के बब्लू (18) पुत्र सांवर का इलाज चल रहा है। दिनेश फार्मेसी की पढ़ाई पूरी कर चुका था।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजे दोनों युवक महसों बाजार गए थे। देर रात लौटते समय पाकरडाड़ बाजार के भुवनी के पास हादसा हो गया। दोनों को बोकनार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात दिनेश की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में नगर थाने के फुटहिया के पास दिनेश की मौत हो गई। शव लेकर परिजन घर चले आए।