कप्तानगंज में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत के बाद जुटे स्थानीय लोग व परिजन- संवाद
कप्तानगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रखिया पेट्रोलपंप के निकट रविवार की दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठे चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हवा में उछल गए और बाइक चला रहे राम जतन कार के पहिये में फंस गए। कार सवार लगभग 50 मीटर तक राम जतन को घसीटते चला गया। हादसे को देखकर आसपास के लोग दौड़े और दोनों को किनारे किया, लेकिन इस बीच कार सवार फरार हो गया।
टिकरिया के परशुराम चौधरी (55) इलाज कराने चचेरे भाई राम जतन चौधरी (57) के साथ बाइक से कप्तानगंज जा रहे थे। दोपहर 2:15 बजे रखिया पेट्रोलपंप के पास पीछे तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। राम जतन कार के पहिये में फंस गए।
हादसे में राम जतन चौधरी की मौत हो गई, जबकि परशुराम चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और गंभीर हालत के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया। एसओ आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। घटना स्थल पर पहुंचे सांसद राम प्रसाद ने पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया।
कप्तानगंज में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत के बाद जुटे स्थानीय लोग व परिजन- संवाद