महराजगंज। संसारीपुर चौराहे पर शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे बस्ती की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर केशवपुर की ओर फरार हो गया।
हादसे में घायल बैभव तिवारी (21) पुत्र श्रीनाथ तिवारी निवासी खेतियार, सीएचसी हर्रैया से इंटर्नशिप कर बाइक से घर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के माध्यम से घायल को सीएचसी हर्रैया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक हर्रैया तहसीलदार सिंह के अनुसार अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।