कार की चपेट से बाइक सवार वृद्ध की मौत
कलवारी(बस्ती)। लुंबनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थानाक्षेत्र के चमनगंज तिराहे पर मंगलवार की दोपहर में कार की चपेट से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गया। मृतक रेलवे से सेवानिवृत्त था।
जानकारी के अनुसार दिनेश 70 वर्षीय बाबा राम मुकुट को बाइक से कलवारी ले जा रहे थे। चमनगंज तिराहे पर टांडा की तरफ से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दिया। हादसे में राम मुकुट गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनेश ने बताया कि घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी बनहरा कुदरहा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति में सुधार न देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर इलाज शुरू होने के कुछ समय बाद बाबा की मौत हो गई। बाबा रेलवे से सेवानिवृत्त हो चुके थे। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने कार को कब्जे में ले लिया।
घायल होमगार्ड मेडिकल कॉलेज रेफर
वाल्टरगंज। डुमरियागंज मार्ग पर एक स्कूल के पास तेज रफ्तार कार की चपेट से घायल होमगार्ड संजय गौड़ निवासी जगदीशपुर वाल्टरगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सोमवार को कोतवाली से घर लौटते समय ओसापुर के पास अज्ञात कार ने चपेट में ले लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें निनी वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। संवाद