कलवारी। राम जानकी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के पाऊं बाजार में शनिवार की रात लगभग 10 बजे सांड से टकराने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी कुदरहा पहुंचाया वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कलवारी थाना क्षेत्र के भंगुरा निवासी राजेश कुमार गौड़ (40) बाइक से शनिवार की रात 10 बजे के करीब गायघाट जा रहे थे। अभी वह पांऊ बाजार के पास पहुंचे ही थे कि अचानक सामने सांड आने से बाइक टकरा गई। हादसे में राजेश बाइक से उछल कर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कलवारी पुलिस पहुंची और घायल राजेश को बनहरा में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने देखते ही राजेश को मृत घोषित कर दिया।
राजेश के मौत की सूचना जैसे ही उनके गांव भंगुरा में पहुंची परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने लगे। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।