गोंडा बरात जा रहा था राजेश, परसा तिराहे के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकोलिया। बभनान-हर्रैया मार्ग पर परसा तिराहे के पास बाइक और ट्रैक्टर-ट्राॅली की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खुटहना गांव निवासी 23 वर्षीय राजेश कुमार चौबे गांव के ही उदयराज प्रजापति के पुत्र की बरात में गोंडा जनपद के छपिया थाना क्षेत्र के चांदा जा रहे थे। बाइक गोंडा जनपद के छपिया क्षेत्र के नगवा गांव निवासी शिवम पांडेय चला रहे थे। बुधवार रात करीब 10 बजे परसा तिराहे के पास बभनान की तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। राजेश कुमार चौबे को गंभीर और शिवम पांडेय को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी हर्रैया भेजवाया। जहां डाॅक्टर ने राजेश कुमार चौबे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली और बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि राजेश के पिता राजाराम चौबे की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है।