बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड़ के पास खराब लाइट मरम्मत कर पावर हाउस लौट रहे बिजली संविदा कर्मियों पर बृहस्पतिवार की रात अज्ञात हमलावरों ने लाठी डंडे से हमलाकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में दोनों के सिर व हाथ पैर में गंभीर चोट आई है।
लालगंज थाना क्षेत्र के थाल्हापार गांव निवासी संविदा लाइनमैन श्रीकांत राव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि इसी थाना क्षेत्र के खोरिया निवासी अपने सहयोगी लाइनमैन कृष्ण कुमार यादव के साथ बानपुर फीडर आपूर्ति क्षेत्र से विभागीय कार्य पूरा कर देईसांड़ उपकेंद्र पर वापस लौट रहे थे कि जैसे ही भोगीपुर पुलिया के पास पहुंचे तभी दो अलग-अलग बाइकों पर छह हमलावर लाठी डंडे से पीटकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजा गया। जहां कृष्ण कुमार यादव का हाथ व पैर फैक्चर होने से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अवर अभियंता अवनीश कुमार गुप्ता ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है ।