गौर। बिहार से मजदूरी के लिए अमृतसर जा रहे एक किशोर की गौर क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। दो दिन तक खोजबीन के बाद बुधवार को उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ।
मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र के कवैया वासा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार का 15 वर्षीय पुत्र प्रभु कुमार 15 सितंबर को जनसेवा एक्सप्रेस से साधारण टिकट पर अपने साथियों संग अमृतसर के लिए रवाना हुआ था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे गौर रेलवे स्टेशन से आगे सिटकोहर गांव के पास वह ट्रेन से नीचे गिर पड़ा।
घटना ट्रेन में सवार साथियों ने देखी और चैन पुलिंग की कोशिश की, लेकिन ट्रेन नहीं रुकी और बभनान स्टेशन पर जाकर थमी। साथी अरविंद कुमार बभनान में उतरकर रातभर तलाश करता रहा पर उसका पता नहीं चल सका। बुधवार को झाड़ियों से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने रेलवे कर्मियों को सूचना दी।
जांच में वहां प्रभु का क्षत-विक्षत शव मिला। स्टेशन मास्टर की सूचना पर गौर पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव ने बताया कि हादसे की खबर पाकर परिजन और साथी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।