साइबर ठगाें ने ऑनलाइन सिस्टम पर भी बना ली है फर्जी वेबसाइट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। इंटरनेट पर किसी नौकरी या एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय सावधान रहने की जरूरत है। साइबर अपराधियों ने असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट बना ली है। जो गूगल पर सर्च करते ही असली के साथ दिख जाती हैं। फर्जी वेबसाइट अपनी जानकारी भरने के साथ ही शुल्क भी जमा करा लेते हैं। बाद में उसके सहारे ठगी करते हैं। ऐसे मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। इसी महीने तीन मामले पुलिस के पास आ चुके हैं।
जानकार बताते हैं कि जालसाजों ने ठगी के कई नए रास्ते तलाश लिए हैं। इस समय सरकारी विभागों और प्राइवेट कंपनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी की जा रही है। साइबर विशेषज्ञ विक्रम सिंह का कहना है कि इंटरनेट पर कई बार बैंक की फर्जी वेबसाइट भी सामने आ जाती है। इस वेबसाइट पर खाते की जानकारी डालने पर उसे चुराकर आसानी से जालसाजी की जा सकती है। ज्यादातर ऑनलाइन ठगी इंटरनेट पर उपलब्ध फर्जी कस्टमर केयर नंबरों से किए जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार हमें किसी भी कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर उस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर ही लेना चाहिए।
...
कोट
आजकल लोग किसी तरह की जानकारी पाने के लिए सबसे पहले इंटरनेट का उपयोग करते हैं। ऐसे में कई बार ऐसी गलती भी हो जाती है, जिससे बैंक अकाउंट से पैसे कटने समेत कई तरह के नुकसान की आशंका बनी रहती है। फेक वेबसाइट से होने वाली ठगी से बचने के लिए गूगल से क्या सर्च करें और क्या न करें, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। इस तरह के मामले सामने आने पर साइबर पुलिस अपना कार्य करती है।
-आरके भारद्वाज, आईजी