जिला अस्पताल में भर्ती सभासद जगदीप श्रीवास्तव - sanvad
बस्ती। शहर के बेलवाडाड़ी वार्ड के सभासद जगदीप श्रीवास्तव और उनके भतीजे पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि रंजिश में शनिवार की रात करीब 8.30 बजे उनके भतीजे अंकुश श्रीवास्तव पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर घर पर मौजूद सभासद जगदीप श्रीवास्तव और अन्य लोग पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्ष में मारपीट हो गई।
इस दौरान धारदार हथियार से किसी ने सभासद और उनके भतीजे अंशुल श्रीवास्तव पर वार कर दिया। इससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
कोतवाल दिनेश चंद चौधरी ने बताया कि पहले के विवाद को लेकर रात करीब 18.30 बजे मुहल्ला बेलवाडाडी गांधीनगर थाना कोतवाली निवासी जगदीप श्रीवास्तव, अंशुल श्रीवास्तव, युवराज श्रीवास्तव व दूसरे पक्ष के राम प्रकाश श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश श्रीवास्तव, रामनरायन श्रीवास्तव के बीच विवाद हुआ। जिसमें मारपीट में सभी को चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष के आठ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सभी पर केस दर्ज किया जा रहा है।