बस्ती। दिवाली पर पटाखों से होने वाले हादसों और आग से दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उपचार की विशेष व्यवस्था की है। जिला अस्पताल में 10 और जिले की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर दो-दो बेड बर्न केस के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चिकित्सकों की तैनाती कर अस्पतालों को तीन दिनों तक अलर्ट पर रखा जाएगा। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि बर्न केस के मरीजों को पहले नजदीकी सीएचसी पर प्राथमिक उपचार दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया जाएगा। जिला अस्पताल के अलावा मेडिकल कॉलेज में भी उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपना कार्यस्थल न छोड़ें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सेवाएं देने के लिए उपलब्ध रहें। एंबुलेंस को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिवाली के दौरान धनतेरस से लेकर पर्व तक पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी बढ़ जाती है।
इस दौरान जलने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। इसे देखते हुए शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को दो-दो बेड आरक्षित रखने और आवश्यक उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।