कप्तानगंज (बस्ती)। कस्बे के टिनिच रोड पर बैटरी की दुकान का ताला तोड़कर चोर 20 बैटरी चुरा ले गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। कस्बे में चोरी की घटना होने से दुकानदार दहशत में हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना को अंजाम देने वाले कार सवार चोर बताए जा रहे हैं।
कप्तानगंज क्षेत्र के बेलसड़े गांव के रहने वाले महेंद्र कुमार की कस्बे के टिनिच रोड पर बैटरी की दुकान है। महेंद्र के मुताबिक, सोमवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर 20 बैटरी चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह 9 बजे जब वह दुकान पर आए तो ताला टूटा मिला। दुकानदार ने बताया कि चोर दो लाख रुपये से अधिक की बैटरी चुरा ले गए हैं। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा। संवाद