खत्म हुआ इंतजार, एक जुलाई से बनेंगे लर्निंग लाइसेंस
- लाॅकडाउन के कारण 23 अप्रैल से बंद है लर्निंग लाइसेंस का बनना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लर्निंग लाइसेंस बनवाने का इंतजार खत्म होने को है। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से एक जुलाई से इसकी प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया विगत 23 अप्रैल से बंद है।
कोरोना की दूसरी लहर के चलते एआरटीओ दफ्तर में लाइसेंस संबंधी सभी कार्य बंद कर दिए गए थे। इस दौरान केवल वही कार्य किए गए, जिसमें आवेदक की उपस्थिति अथवा बायोमेट्रिक कराना आवश्यक नहीं था। लेकिन जिन मामलों में आवेदक का रहना जरूरी था, वह काम पूरी तरह से बंद थे। इसमें लर्निंग लाइसेंस भी शामिल था। सामान्य दिनों में लर्निंग लाइसेंस के औसतन दो सौ आवेदन आते थे, लेकिन कोरोना काल में इन सभी को निराश होना पड़ा। हालांकि लर्निंग लाइसेंस का काम एक जून से ही आरंभ हो जाना था, इसके लिए पंद्रह मई तक के लिए बुक स्लाॅट के आवेदकों को एक जून से कार्यालय आने की सूचना चस्पा कर दी गई थी। लेकिन लॉकडाउन की बंदिशों के बढ़ने के बाद इसे एक जुलाई तक बढ़ा दिया गया। वहीं, कोरोना के सक्रिय मामलों में आई कमी से अब एक जुलाई से लर्निंग लाइसेंस बनने की उम्मीद बढ़ गई है। एआरटीओ प्रशासन सगीर अहमद ने बताया कि कोरोना प्रोटोकाल के तहत एआरटीओ दफ्तर में डीएल के आवेदकों को बुलाया जाएगा। एक जुलाई से लर्निंग लाइसेंस का काम आरंभ कर दिया जाएगा।