बस्ती। राज्य स्तरीय विविध खेल प्रतियोगिताओं में बस्ती स्टेडियम की टीमों ने भी झंडा बुलंद किया है। महिला हैंडबॉल एवं हॉकी प्रतियोगिता में स्टेट चैंपियन बनने से तो बस्ती स्टेडियम की टीमें चूक गई लेकिन, उप विजेता बनने का खिताब बस्ती की झोली में आया।
वहीं एथलेटिक्स में यहां के खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान मिला है। जबकि कुश्ती में राज्य स्तर पर एक महिला समेत दो पहलवान टॉप थ्री में स्थान बनाए।
पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी वर्ष पर राज्य खेल मंत्रालय स्तर से विविध खेल प्रतियोगिताएं विभिन्न शहरों में कराई जा रही है। इसमें बस्ती स्टेडियम की टीमें भी बढ़चढ़कर हिस्सा ले रही है। स्थानीय अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम को इस बार महिला हैंडबॉज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कराने का अवसर मिला। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 मंडलों की टीमों ने धमाल मचाया। मेजबानी कर रही बस्ती स्टेडियम की टीम शुरुआती दौर से ही जीत दर्ज कराती रही।
यह टीम क्वार्टर, सेमी से लेकर फाइनल मुकाबले तक पहुंची। मगर अयोध्या मंडल की टीम के सामने स्टेट चैंपियन बनने से बस्ती की महिला हैंडबॉल टीम चूक गई। फिर भी 16 मंडलों की प्रतिस्पर्धा में मेजबानी कर रही बस्ती टीम उप विजेता की खिताब अपने झोली में की। जबकि वाराणसी में 30 अगस्त से 4 सितंबर तक स्टेट पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में बस्ती की टीम ने झंडा बुलंद रखा। स्टेट चैंपियन बनने से टीम चूक गई लेकिन, उप विजेता बनकर लौटी।