हर्रैया। अयोध्या जनपद के महावीर प्रसाद लखनलाल आदर्श इंटर कॉलेज में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी गतका प्रतियोगिता में बस्ती जिले के आठ खिलाड़ियों ने मण्डल का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन रजत और चार कांस्य पदक सहित सात पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
टीम कोच और मैनेजर राहुल सिंह व साधना मौर्य ने बताया कि अंडर-17 बालिका सिंगल सोटी टीम इवेंट में रिद्धिमा जयसवाल, फातिमा परवीन और अंजली ने रजत पदक जीते और प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका सिंगल सोटी टीम इवेंट में शिवांगी सिंह राव, ज्योति शर्मा और अंजली ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश में ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों की सफलता पर गतका संघ बस्ती के महासचिव करुणेश मणि पाठक, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिकंदरपुर की प्रधानाचार्या शबनम यादव, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सोनबरसा की प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा सिंह, और नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया के व्यायाम शिक्षक अमरनाथ मौर्य ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनका उत्साह बढ़ाया।