बस्ती। जिले में लंबे समय से प्रस्तावित वन स्टाप सेंटर का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए शासन ने प्रथम किस्त के रूप 24 लाख रुपये अवमुक्त किए हैं। सेंटर पर सभी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं, बालिकाओं को एक ही स्थान पर अस्थायी आश्रय, पुलिस-डेस्क, विधि सहायता, चिकित्सा व काउंसिलिंग के साथ ही रहने व भोजन की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।
जिला महिला अस्पताल में इसके लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है। लगभग 350 वर्ग मीटर में जल्द ही 48 लाख रुपये की लागत से सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। हिंसा से पीड़ित महिलाएं, जिसमें 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं भी शामिल हैं को सहायता प्रदान की जाएगी। 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं की सहायता के लिए लैंगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 व किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 के तहत गठित संस्थाओं को भी सेंटर से जोड़ा जाएगा।
पांच शैय्या युक्त होगा सेंटर
महिला चिकित्सालय में बनने वाला वन स्टाप सेंटर पांच शैय्या युक्त होगा, यहां जरूरत की सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जल्द ही समाज कल्याण निर्माण निगम की ओर से इस सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
डीपीओ राकेश कुमार के अनुसार, समाज कल्याण निर्माण निगम को प्रथम किश्त की धनराशि भेजी जा चुकी है, जल्द ही इस सेंटर का निर्माण शुरू होगा। यहां पीड़ित महिलाएं अल्पवास भी कर सकेंगी।