बस्ती। शहर के कंपनीबाग चौराहा को संवरने में अब ज्यादा दिन नहीं लगेगा। बीडीए ने चौराहे के दोनाें तरफ नाला क्रॉसिंग का कार्य पूर्ण कर लिया है। इसके छत और सड़क के बीच का गैप भी बोल्डर गिट्टियों से भर दिया गया है।
इससे चौराहे का आकार दिखने लगा है। इस पर से आवागमन भी हो रहा है। पैच कार्य की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की है। कांवड़ मेला के चलते यह कार्य रुका हुआ था। अब जल्द ही निर्माण कर रही पीडब्ल्यूडी की टीम उतरेगी। बड़ेवन से कंपनीबाग तक पीडब्ल्यूडी फोरलेन सड़क का निर्माण कर रही है। यह कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। चार महीने पहले बीडीए ने कंपनीबाग चौराहे पर फोरलेन सड़क और गांधीनगर मार्ग के मुहाने पर नाला क्रॉसिंग का निर्माण शुरू कर दिया था। दोनों तरफ 22-22 मीटर लंबा और दो मीटर लगभग चौड़ा नाले का निर्माण किया गया। इसके बाद इस पर छत की ढलाई की गई। दोनों तरफ नाले की छत सड़क से एक फीट ऊंची हो गई, जिससे यह चौराहा अव्यवस्थित दिखने लगा। इस वजह से पीडब्ल्यूडी ने फोरलेन सड़क का कार्य पूरा करने से मना कर दिया था। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद आयुक्त अखिलेश सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद कांवड़ मेला शुरू होने से ठीक पहले बीडीए ने बोल्डर गिट्टियां गिराकर चौराहे का समतलीकरण कराया। तब जाकर आवागमन यहां किसी तरह बहाल हो सका।
इसके पीडब्ल्यूडी को कांवड़ मेला खत्म होने का इंतजार था। बुधवार को मेले का समापन हो गया। अब यहां पीडब्ल्यूडी फोरलेन सड़क के बचे हुए कार्य को पूरा करने के साथ चौराहे का पैच कार्य भी कराएगी ताकि आवागमन सुचारू हो सकें।
पैच कार्य होने के बाद चौराहे की खूबसूरती बढ़ जाएगी। यह चौड़ा भी दिखने लगेगा क्योंकि फोरलेन सड़क और नाला निर्माण के चलते पुलिस बूथ, बिजली के पोल किनारे शिफ्ट कर दिए गए हैं।