बस्ती। बुधवार को वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति द्वारा कलक्ट्रेट परिसर में वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम प्रकाश शर्मा के संयोजन में बस्ती जनपद का 162वां स्थापना दिवस संगोष्ठी के साथ मनाया गया। इस दौरान वक्ताओं ने अपने विचारों को व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक साहित्यकार डाॅ. वीके वर्मा ने कहा कि बस्ती सन 1801 में तहसील मुख्यालय बना और फिर 6 मई 1865 को जनपद मुख्यालय बनाया गया। इसके बाद सन 1988 में उत्तरी हिस्से को काटकर सिद्धार्थनगर जिला बनाया गया। जिसे पहले डुमरियागंज नाम से जाना जाता था।
यही नहीं बस्ती का एक और विभाजन 1997 में संतकबीरनगर के रूप में हुआ। कहा कि मंडल स्तर पर बस्ती स्वयं में कई संस्कृतियों को समेटे हुए है। वरिष्ठ साहित्यकार राम नरेश सिंह मंजुल ने कहा कि कभी भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने कहा था कि बस्ती को बस्ती कहूं तो काको कहूं उजाड़ आज यही बस्ती निरंतर विकास की ओर है।
कहा कि बस्ती का इतिहास बहुत समृद्ध है और मखौड़ा, छावनी शहीद स्थली के साथ ही अनेक पौराणिक स्थल हैं जो इसकी पहचान है। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम प्रकाश शर्मा ने कहा कि बस्ती का इतिहास जहां समृद्ध है वहीं वर्तमान प्रगति की ओर है। अध्यक्षता करते हुए बटुकनाथ शुक्ल ने कहा कि नई पीढ़ी अपने इतिहास को जानते रहने की जरूरत है जिसे नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़े।
इस दौरान त्रिभुवन प्रसाद वर्मा, बीके मिश्र, डाॅ. वाहिद सिद्दीकी, अजीत श्रीवास्तव, डाॅ. राजेन्द्र सिंह राही, आचार्य छोटेलाल वर्मा, अर्चना श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, राजेन्द्र प्रसाद, संजीव पांडेय, सामईन फारूकी आदि मौजूद रहे।