हर्रैया तहसील क्षेत्र में सरयू नहर कटने के बाद नहीं हुआ मरम्मत-संवाद
महराजगंज। लगातार शिकायतों के बावजूद नहर का पानी समय रहते नहीं रोका गया, जिसका खामियाजा अब क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है। नहर कटने से सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल जलमग्न हो गई है और किसानों की मेहनत पानी में बहती नजर आ रही है। नहर में पानी अभी तक बंद न करके मरम्मत भी शुरू नहीं किया गया। हर्रैया तहसील क्षेत्र में मंगलवार सरयू नहर कटने से किसानों की सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल जलमग्न हो गई थी। अचानक खेतों में पानी भर जाने से किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। इनमें करीब बीस बीघा से अधिक क्षेत्र में हाल ही में बोई गई गन्ने की फसल भी डूब गई, जिससे किसानों की पूंजी डूबने की चिंता है।
किसान राम बहाल चौधरी, राकेश त्रिपाठी, राम मंगल और ओमप्रकाश आदि का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नहर में रिसाव की जानकारी संबंधित विभाग को दी जा रही थी, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजतन, नहर का पानी अचानक तेज बहाव के साथ खेतों में फैल गया और पूरी फसल बर्बाद हो गई।