बस्ती। गोरखपुर में बिजली-पानी की सुविधाओं के अभाव में प्रशिक्षुओं के हंगामा करने का असर बुधवार को जिले में भी दिखा। यहां पुलिस लाइंस में चल रहे रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर का डीआईजी रेंज संजीव त्यागी ने जायजा लिया।
आरक्षियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ ही सभी व्यवस्थाओं को खुद क्राॅस चेक भी किया। डीआईजी ने बताया कि साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान जो खामियां मिली, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लाइंस में बने प्रशिक्षु आरक्षियों के बैरकों के साथ परिसर का भी जायजा लिया गया है। निरीक्षण के दौरान आवासीय व्यवस्थाओं, शौचालय, स्नानागार, पेयजल, बिजली, पंखा/ कूलर आदि सभी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति व प्रशिक्षण की गहन समीक्षा की। ट्रेनिंग ले रहे आरक्षियों से भी बातचीत की।