बस्ती। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2024-25 में बस्ती जनपद को सिर्फ 151 आवास का ही लक्ष्य मिला था, वहीं, मंडल के संतकबीरनगर जिले को 1304 आवास दिया गया था। अब इन आवासों में खर्च हुए प्रशासनिक मद का पैसा जारी हुआ है।
छत विहीन परिवार को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर मुहैया कराया जा रहा है। बीते चालू वर्ष में मंडल में कुल, 1577 आवास का लक्ष्य दिया गया था। जिसमें बस्ती जनपद को सिर्फ 151, संतकबीरनगर को 1304 और सिद्धार्थनगर को 122 आवास दिए गए थे। बस्ती में एक लाभार्थी नहीं मिला और 150 आवास पूर्ण हुए तो इन चयनित लाभार्थियों के खाते में 1.20 लाख रुपये के हिसाब से धनराशि भेजी गई थी।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जनपद बस्ती में तमाम ऐसे परिवार अभी भी हैं जिनके पास पक्का मकान नहीं है, बावजूद इनके चयन में ढिलाई बरती जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार आवास से वंचित रह रह जा रहे हैं।
इसका ताजा उदाहरण बीते वित्तीय साल में मिला 151 आवास ही काफी है। बगल के जनपद संतकबीरनगर में 1304 आवास दिया गया।
बताया गया कि शासन स्तर से इन पूर्ण आवासों पर खर्च हुए प्रशासनिक मद का पैसा अब जारी किया गया है। जिसमें बस्ती को 1.20 लाख रुपये, सिद्धार्थनगर को 97 हजार, संतकबीरनगर को 10 लाख रुपये आवंटित हुआ है।
कुल 12 लाख रुपये आवंटित किया गया है। अब इस मद को कंप्यूटर ऑपरेटर की सैलरी से लेकर अन्य में खर्च होगा।
ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त जीएस प्रियदर्शी की ओर से इस बाबत पत्र जारी किया गया है।