गांधीनगर को किया गया सील, कराया जा रहा सैनिटाइज
बस्ती। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में कोरोना वार्ड में भर्ती युवक की मौत के बाद बस्ती के गांधीनगर इलाके को सील कर दिया गया है। मोहल्ले को सैनिटाइज किया जा रहा है। वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। मृतक के परिजनों को रैपिड रिस्पांस टीम अपने साथ जांच के लिए ले गई है। मोहल्ले के लोगों को घर से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई है। नोडल अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि मृतक के जनाजे में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
युवक कुछ समय पहले ही विदेश से लौटा था। तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती करा गया था, जहां सोमवार को कोरोना वार्ड में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद जिले में हड़कंप मच गया। आला अफसरों की टीम युवक के मोहल्ले की और दौड़ पड़ी। मृतक के घर के साथ ही मोहल्ले के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। लोगों को घर में ही रहने की हिदायत दी गई है। पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज कराया जा रहा है।