बस्ती। खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर बृहस्पतिवार को खेले गए अंडर-16 आयु वर्ग के बीच क्रिकेट मुकाबले में बस्ती इलेवन ने एकेडमी बॉयज को एक विकेट से हराया। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बस्ती इलेवन ने 32.3 ओवर में नौ विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। शानदार गेंदबाजी करने वाले अभिज्ञा नारायण को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
35 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एकेडमी बॉयज की टीम 32.1 ओवर में 156 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रुद्र पाल ने 24, अक्षत ने 22, अंश ने 19 और अनुराग चौधरी ने 13 रन बनाए। बस्ती इलेवन की ओर से अभिज्ञा नारायण ने पांच विकेट चटकाए, जबकि संस्कार और अंकित चौधरी ने दो-दो तथा नीरज ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्ती इलेवन की टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 32.3 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाकर जीत दर्ज की।
टीम की ओर से आयुष यादव ने 29, पीयूष ने 28 और मोहम्मद जैद ने 24 रन का योगदान दिया। रुद्रांश और बृजेश ने सात-सात रन बनाए। एकेडमी बॉयज की ओर से रुद्र पाल ने तीन विकेट लिए, जबकि अंश और रितिक ने दो-दो तथा रुद्र पाल सूर्यवंशी ने एक विकेट हासिल किया। गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले अभिज्ञा नारायण को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। कोच आलोक वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।