बस्ती। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में 30 अगस्त से तीन सितंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बस्ती मंडल के अंडर-19 बालक वर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में बस्ती मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 1-0 से हराकर पदक अपने नाम किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बस्ती मंडल के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए आजमगढ़ पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में आयुष ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए कई हमले किए, लेकिन बस्ती की मजबूत रक्षापंक्ति ने सभी प्रयास विफल कर दिए।
निर्धारित समय तक बस्ती मंडल की बढ़त कायम रही। अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कप्तान अनुभव सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता में अनुशासन, जुझारूपन, खेल भावना और बेहतर टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
डीआईओएस संजय सिंह ने टीम की सफलता पर खिलाड़ियों, कप्तान, प्रशिक्षकों, प्रबंधकों, शारीरिक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को बधाई दी। मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव समेत प्रभाकर ओझा, मनोज कुमार राय, चंद्र प्रकाश पांडेय, जगन्नाथ यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार वर्मा और माता प्रसाद त्रिपाठी ने टीम का स्वागत किया।