हरे जर्सी में बस्ती और मैरुन जर्सी में गोरखपुर मंडल की टीम। संवाद
- फोटो : kishatwar news
बस्ती। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को चार क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। आठ टीमें मैदान में उतरीं। सबसे रोचक मुकाबला मेजबानी कर रही बस्ती और गोरखपुर मंडल के टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कांटे का टक्कर दी। 29-29 गोल के स्कोर पर तीन बार मैच टाई हुआ। इसके बाद पेनाल्टी शूट में बस्ती ने बड़े मुश्किल से दो गोल से बढ़त लेकर 34-31 के अंतर से गोरखपुर मंडल की टीम को शिकस्त दी। इसी के साथ बस्ती, वाराणसी, अयोध्या और आजमगढ़ मंडल की टीम सेमीफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
तीसरे दिन प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल मैच वाराणसी और मिर्जापुर मंडल के बीच खेला गया। वाराणसी मंडल की टीम ने तेजी के साथ 20 गोल दागे। जवाब में मिर्जापुर की टीम सिर्फ आठ गोल ही कर सकी। वाराणसी की टीम ने जीत दर्ज कराते हुए सेमी फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच अयोध्या और कानपुर मंडल के बीच खेला गया। अयोध्या की महिला खिलाड़ियों ने कानपुर की टीम को गोल करने का मौका ही नहीं दिया। ताबड़तोड़ 18 गोल अयोध्या मंडल की टीम ने दाग दिए। जवाब में कानपुर की टीम सिर्फ एक गोल कर। 18-01 के अंतर से अयोध्या की टीम ने जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में पहुंची।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच में बस्ती और गोरखपुर मंडल की टीम के बीच हुआ। दोनों मंडल की टीम एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए अंत तक जोर आजमाइश करतीं रहीं। दो बार अतिरिक्त समय देने के बाद भी मैच टाई होता रहा। पेनाल्टी शूट आउट में बस्ती की टीम 29 से स्कोर बढ़ाई तो गोरखपुर की टीम भी पीछे नहीं रही। अंत बस्ती की टीम ताबड़तोड़ 34 गोल का स्कोर खड़ा की। गोरखपुर की टीम 31 गोल तक सीमित रही। तब जाकर बस्ती को सेमीफाइनल में स्थान मिल सका।
चौथा क्वार्टर फाइनल मैच प्रयागराज और आजमगढ़ मंडल के बीच हुआ। आखिरी मैच भी काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमें एक-दूसरे के जवाब में गोल पर गोल दाग रही थीं। अंत में आजमगढ़ मंडल की टीम ने एक गोल से बढ़त लेकर 14-13 के अंतर से जीत दर्ज कराई है।