दुबौलिया थाने की पुलिस ने हत्यारोपी को किया गिरफ्तार।
- फोटो : BASTI
हिमांचल प्रदेश से लाया गया हत्याभियुक्त फौजी
फोटो
दुबौलिया में पट्टीदार की हत्या कर ड्यूटी पर भाग गया था
28 नवंबर को युवक की गोली मारकर हुई थी हत्या
निशानदेही पर लाइसेंसी दो नाली बंदूक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। डेढ़ बीघे जमीन के लिए 20 वर्षीय पट्टीदार की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी फौजी को दुबौलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद वह हिमांचल प्रदेश के किन्नौर जिले में अपनी यूनिट में ड्यूटी पर चला गया था। न्यायालय से वारंट लेकर दुबौलिया पुलिस वहां पहुंची। यूनिट हेड ने हत्यारोपी 1841 नंबर फौजी अशोक दुबे को पुलिस के हवाले कर दिया।
एएसपी पंकज ने प्रेसवार्ता में बताया कि वह पायनियर यूनिट जिला किन्नौर, हिमांचल प्रदेश में तैनात था। उसकी गिरफ्तारी का वारंट लेकर दुबौलिया थाने की एक टीम भेजी गई थी। नौ दिसंबर को यूनिट ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक बरामद कर लिया गया। दुबौलिया थानाक्षेत्र के उमरिया निवासी अशोक दुबे का पट्टीदार संपत प्रसाद दुबे से करीब डेढ़ बीघे खेत का विवाद चल रहा है। वह छुट्टी पर घर आया था। 29 नवंबर को थाने में पंचायत हुई। शाम को दूसरे पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर कब्जा करने पहुंच गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए तो कहासुुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर विपक्षी के बेटे राजमोहन ने विरोध किया, तभी अशोक ने लाइसेंसी डबल बैरल गन से फायर झोंक दिया। गंभीर रूप से घायल राजमोहन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक राजमोहन आरबीएस डिग्री कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था। टीम में एसओ ब्रह्मा गौड़, एसआई आशुतोष कुमार शुक्ला, हेड कांस्टेबल ज्ञान प्रताप सिंह, कांस्टेबल राकेश कुमार व अखिलेश्वर सिंह शामिल रहे।