क्रिकेट खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते सपा विधायक महेंद्र नाथ यादव। स्रोत आयोजक
हर्रैया(बस्ती)। रणजीत सिंह स्मारक राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को प्री और क्वार्टर फाइनल के तीन मुकाबले खेले गए। बाराबंकी ने सोनू यादव की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर अपने दोनों मुकाबले जीत कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
सोमवार को पहला मुकाबला संजय इलेवन बाराबंकी व प्रयागराज की टीमों के बीच खेला गया। सोनू यादव के 22 गेंदों में बनाए गए 88 रन की मदद से बाराबंकी ने 10 ओवर में 204 रन बनाए। सोनू की इस पारी में 11 छक्के व दो चौके शामिल थे। इसके अलावा शकील ने भी 18 गेंदों में सात छक्कों की मदद से 62 रन की पारी खेली। बड़े लक्ष्य के दबाव में प्रयागराज की टीम बिखर गई और 95 रन ही बना सकी।
दूसरा मुकाबला आजमगढ़ व लखनऊ के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 143 रन बनाए। आजमगढ़ की टीम के अब्दुला पठान ने तीन विकेट लिए। आजमगढ़ की टीम ने निर्धारित लक्ष्य दो ओवर पहले हासिल कर लिया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आजमगढ़ ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी के लिए उतरी बाराबंकी की टीम के बल्लेबाजों ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 202 रनों का स्कोर खड़ा किया। बाराबंकी के लिए एक बार फिर सोनू यादव ने विस्फोटक पारी खेलते हुए मात्र 22 गेंदों में 11 छक्के व पांच चौकों की मदद से शानदार 91 रन बनाए।
मुहम्मद नोमान ने भी 47 रनों की पारी में सात गगनचुंबी छक्के जड़े। आजमगढ़ की टीम बाराबंकी के तेज गेंदबाज शिवम द्विवेदी के घातक गेंदबाजी के आगे पस्त हो गई। शिवम ने तीन ओवरों में पांच विकेट लेकर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। आजमगढ़ की पूरी टीम सातवें ओवर में ही केवल 79 बनाकर ऑल आउट होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
सपा विधायक महेंद्र नाथ यादव ने लखनऊ ने बाराबंकी के बीच खेले गए मैच में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ किया। आयोजक कौशलेंद्र प्रताप सिंह राजू ने खिलाड़ियों को छक्के लगाने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रत्येक छक्के पर पांच सौ रुपये का पुरस्कार देकर उत्साह वर्धन किया। समाजसेवी योगेंद्र नाथ सिंह ने सभासद फैयाज अहमद के साथ प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।