कचहरी के सामने अधिवक्ताओं की भीड़
बस्ती। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव का आगाज शुक्रवार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। न्यायालय गेट से लेकर परिसर तक पुलिस का पहरा रहा। न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई गई। उत्साह से लबरेज अधिवक्ता ड्रेस में पहचान पत्र के साथ वोट डालने पहुंचे। जनपद न्यायालय के केंद्रीय सभागार में मतदान कराया गया। पहले दिन कुल 413 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए न्यायालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सुबह 10 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू करा दी गई। मुख्य गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिवक्ताओं के अलावा किसी बाहरी को प्रवेश नहीं दिया गया। मतदान केंद्र पर जाने से पहले प्रत्येक अधिवक्ता के सीओपी (पहचान पत्र) की सघन जांच और मतदाता सूची से नाम का मिलान करने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी मतदाता को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं है। मतदाताओं को मत पत्र में केवल हिंदी, अंग्रेजी या रोमन अंक ( 1, 2, 3, 4 या I, II, III, IV) में ही वरीयता क्रम में अपना वोट अंकित करना था। इसमें शब्द या अक्षर का प्रयोग नहीं किया जाना था। मतपत्र पर हस्ताक्षर या कोई निशान लगाना भी प्रतिबंधित रहा। मतदान के लिए दस पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि अधिवक्ताओं के कल्याण और बार काउंसिल की मजबूती के लिए यह चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है।
-
आज भी होगा मतदान
प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव के प्रथम चरण में बस्ती का चुनाव भी होना शामिल हैं। कुल 25 सदस्यों के पद के लिए 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां दो दिन शुक्रवार और शनिवार को मतदान होना है। यहां 1682 अधिवक्ता मतदान के लिए अधिकृत है। पहले दिन 413 अधिवक्ताओं ने मतदान किया है। अगले दिन शनिवार को भी मतदान प्रक्रिया सुबह दस से शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के निर्देशन में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एफटीसी प्रथम विजय कुमार कटियार की देखरेख चुनाव प्रक्रिया कराई जा रही है। न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में मत पेटिकाएं भी सुरक्षित कराई गई हैं।