कुदरहा के ईजरगढ़ गांव में युवा कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी।
बस्ती। कुदरहा ब्लाक के ईजरगढ़ में चल रही अंतरजनपदीय युवा कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बनारस की टीम ने आजमगढ़ की टीम को शिकस्त दे दी। वहीं, दूसरी तरफ कप्तानगंज की टीम ने बस्ती की टीम को पराजित कर दिया।
पहला मैच आजमगढ़ व द वंडर यूथ क्लब वाराणसी के बीच खेला गया। बनारस ने टास जीतकर पहले रीडिंग करने का फैसला लिया। आजमगढ़ के तरफ से उदित व बनारस के तरफ से शिवम ने कप्तानी की। दोनों के बीच हुए शानदार मुकाबले में बनारस ने 30-23 से आजमगढ़ को पराजित कर दिया।
वहीं दूसरा मैच बीआरएस एकेडमी कप्तानगंज व बस्ती टाइगर के बीच खेला गया। इसमें बस्ती ने टास जीतकर पहले रीडिंग करने का फैसला लिया। कड़े मुकाबले के बीच कप्तानगंज की टीम ने बस्ती टाइगर को 40-30 से हरा दिया। कप्तानगंज की टीम से प्रखर सिंह व बस्ती की टीम से अमन सिंह कप्तान रहे। रेफरी अमृत व अजय कुमार रहे। निर्णायक मंडल में ज्योति प्रकाश सिंह, राकेश यादव रहे। इस मौके पर कमलेश सिंह, डॉ सूर्यनारायण सिंह, लालचंद्र, शेषनाथ सिंह, रणजीत सिंह व शिवकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।