नगर बाजार (बस्ती)। पोखरा बाजार में अखिल भारतीय विशाल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें देश भर के नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेच का प्रदर्शन किया। मुख्य मुकाबलों में बग्गा कलिया शरीफ और आशीष अयोध्या ने जीत हासिल की।
शनिवार को दंगल का आयोजन नितिन दास हनुमानगढ़ी की अगुवाई में हुआ। दंगल का शुभारंभ भाजपा के जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने किया। उन्होंने बग्गा कलिया शरीफ और मनोज पहलवान दिल्ली का हाथ मिलवाकर उद्घाटन की रस्म पूरी की।
इसी क्रम में आशीष पहलवान अयोध्या ने भी अपने दमखम का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले रतेश गाजीपुर को हराया और फिर दूसरे मुकाबले में भी विपक्षी पहलवानों को अपनी फुर्ती और दांव-पेच से मात दी। आशीष ने दो मुकाबले जीतकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।अन्य मुकाबलों में फैसल गनी ने राजेश पहलवान को पराजित किया।
अशोक दिल्ली, सोनू दिल्ली और बग्गा पहलवान ने भी अखाड़े में चुनौती पेश की। हर दांव के साथ खेल भावना और जीत की चाह ने दर्शकों के बीच रोमांच बनाए रखा। दंगल के आयोजकों में नितिन बाबा अयोध्या धाम, पूर्व प्रधान पोखरा रूपेंद्र सिंह, नियाज अहमद और मौलाना घनश्याम तिवारी सहित कई प्रमुख व्यक्ति शामिल थे।