स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट को नए सिरे से तैयार करने का चल रहा काम
खिलाड़ियों का प्रशिक्षण बंद होने के बाद अब उनके चयन-ट्रायल पर संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। इसका कार्य सुस्त गति से चल रहा है। इससे खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और चयन-ट्रायल पर संकट मंडरा रहा है। 27 से 29 सितंबर तक प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन-ट्रायल अटका हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रायल अब सिद्धार्थनगर स्टेडियम में लिया जाएगा।
अमर शहीद सत्यवान सिंह क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम में स्थापित बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। इस वजह से करीब तीन माह से खिलाड़ियों का प्रशिक्षण बाधित चल रहा है। खिलाड़ी सुबह-शाम स्टेडियम में सिर्फ फिटनेस का अभ्यास कर पा रहे हैं। कोर्ट के जीर्णोंद्धार कार्य के चलते राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन-ट्रायल पर संकट मंडराने लगा है।
प्रयागराज के अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांम्प्लेक्स में राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष-महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता होनी है। इसमें बस्ती मंडल की टीम हिस्सा लेगी। मगर, अब तक टीम का गठन नहीं हो पाया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि बैडमिंटन कोर्ट में निर्माण कार्य चल रहा है। प्रयागराज में प्रस्तावित प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का 23 सितंबर को सिद्धार्थनगर स्टेडियम में ट्रायल लिया जाएगा।