बभनान। चीनी मिल बभनान का मौजूदा पेराई सत्र का बुधवार को अवसान हो जाएगा। चीनी मिल द्वारा जिला गन्ना अधिकारी व चीनी मिल से जुड़ी समितियां को मिल बंदी की अंतिम नोटिस दे दी गई है। गन्ना कम आने के चलते दो दिनों से चीनी मिल धीमी गति चल रही है।
चीनी मिल के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है क्षेत्र में किसानों के पास अब पेराई योग्य गन्ना नहीं बचा है। जिसके चलते मिल पर गन्ना बहुत कम आ रहा है। तीसरी बंदी की नोटिस मिल गेट सहित समितियों पर चस्पा करा दिया गया है ।
बलरामपुर चीनी मिल यूनिट बभनान के मुख्य महाप्रबंधक गन्ना दिनेश राय ने बताया कि 12 अप्रैल से ही गेट मुक्त खरीद हो रही है। मौजूदा समय में खरीद पूरी कर अधिकतर गन्ना क्रय केंद्र बंद हो चुके हैं। सिर्फ 12 क्रय केंद्र चल रहे थे जो मंगलवार को बंद हो गए। मिल गेट पर पिछले तीन दिनों से मुक्त गन्ना तौल हो रहा है। यहां भी किसानों की आवक काफी कम हो गई है। अब तक एक करोड़ 25 लाख 11 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है।
इससे यह पता चलता है कि अब क्षेत्र में पेराई योग्य गन्ना की उपलब्धता न के बराबर है। जगह-जगह नोटिस चस्पा कर किसानों को सूचित किया गया है कि जो किसान चीनी मिल को अपना गन्ना आपूर्ति करना चाहते हैं वह 15 अप्रैल शाम पांच बजे तक अपना गन्ना अवश्य चीनी मिल लेकर आए।