बस्ती। प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल से अधिक आयु वाले बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। मंगलवार से 30 दिवसीय अभियान शुरू हुआ। पहले दिन 38 आयुष्मान कार्ड बनाया गया। 14 जगहों पर यह अभियान चला।
बताया गया कि अवकाश होने के चलते अधिकांश चिह्नित जगहों पर कैंप नहीं लग पाया। बुधवार से अभियान में तेजी आने की उम्मीद है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि अभियान में पंचायत सहायक व आशा बहू, एएनएम और सीएचसी की मदद से गांव के बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बन रहा है। 25 दिसंबर तक कैंप का आयोजन होगा। समाज कल्याण विभाग के अनुसार जिले में 70 साल से अधिक आयु वर्ग वाले करीब 75 हजार से अधिक बुजुर्ग हैं। सरकार के नए नियमों के अनुसार अब इन बुजुर्गों को बिना शर्त पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जाना है। संवाद