सारथी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सीएमओ डॉ. राजीव निगम स्रोत विभाग
बस्ती। स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार से पुरुष नसबंदी पखवाड़े का उद्घाटन किया गया। सारथी वाहन से गांव-गांव लोगों को नसबंदी के लिए प्रेरित किया जाएगा और चिह्नित लोगों की नसबंदी कराई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आशा बहू गांवों में लोगों जागरूक कर रही हैं, जिससे अधिक से अधिक पुरुष अपनी भागीदारी कर सकें। इस बार 40 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य है, जबकि 2400 महिला नसबंदी का है। सीएमओ डाॅ. राजीव निगम ने बताया कि बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। परिवार नियोजन के कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि नसंबदी पखवाड़े का थीम स्वस्थ्य एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा यह सपना साकार है। बताया कि पुरुष नसबंदी को प्रोत्साहन देने के लिए व्यक्ति को तीन हजार रुपये और प्रेरक को तीन सौ रुपये की राशि दी जाती है। सीएमओ कार्यालय से सीएमओ ने जन-जागरूकता वाहन सारथी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संवाद